रोहड़ू: उपमंडल के चिडग़ांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में उसके फूफा को गिरफ्तार किया है। आरोपी अजय कुमार पीड़िता से लंबे समय से दुराचार कर रहा था। आरोपी की हवस की शिकार पीड़िता गर्भवती हो गई और उसने नवजात बच्ची को जन्म दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब रोहड़ू पुलिस ने दो दिन पहले नवजात बच्ची का शव रोहड़ू अस्पताल के शौचालय के बाहर बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने तफ़्तीश शुरू की और नवजात को जन्म देने वाली युवती को खोज निकाला।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका फूफा काफी समय से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था, जिससे वह गर्भवती हो गई तथा लोकलाज के भय से यह बात परिजनों को नहीं बताई। रोहड़ू के डीएसपी सुनील नेगी ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पीड़िता का फूफा है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना को लेकर पोक्सो एक्ट व आईपीसी की धारा 376 के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।