नाहन:आजादी के दिन खुद की आजादी तय करने वाले सेंट्रल जेल के कैदी मुकेश को पुलिस ने दबोच लिया है। सूत्रों के मुताबिक फरार कैदी मुकेश को पुलिस ने पंजाब के नकोदर के नजदीक से गिरफ्तार किया है। पुख्ता जानकारी के मुताबिक शातिर कैदी खुद मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर रहा था,लिहाजा पुलिस को उसकी सही लोकेशन पता करने में कुछ वक्त लग रहा था।
बताया जा रहा है कि कैदी का मोबाइल पुलिस को जेल में ही बरामद हुआ,इसी से डाटा को खंगाला गया,इसके बाद पुलिस ने कुछ फोन नंबर ऑब्जर्वेशन पर रखें। सूत्रों के मुताबिक सिरमौर पुलिस का आईटी सेल पूरी तरह से सक्रिय था। बताया जा रहा है कि कैदी की लोकेशन को ट्रेस करने के बाद टीम को सूचना दी गई। उल्लेखनीय है कि इस मामले में कैदी के इलावा जेल कर्मी के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है। सवाल इस बात पर उठा था कि जेल कर्मी अपने ही स्तर पर कैदी को कैसे अस्पताल ले गया था। इसके साथ ही यह भी सवाल उठा था कि कर्मी द्वारा कैदी को निजी अस्पताल क्यों ले जाया गया,जबकि सरकारी अस्पताल जेल से नजदीक भी था। बहरहाल पुलिस ने 6 दिन के भीतर फरार कैदी को उसकी असल जगह पहुंचा दिया है।
उधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र ठाकुर ने कैदी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि कैदी को वापस लाया जा रहा है। बताया यह भी जा रहा है कि फरार होने के बाद कैदी अपने ही किसी करीबी के पास छिपा हुआ था। सनद रहे कि पुलिस को शुरुआती दौर से ही उसके पंजाब में छिपे होने की आशंका भी थी, जो जालंधर का रहने वाला है। कैदी जेल में रेप के केस में 10 साल की सजा काट रहा है।