मंडी : स्वतंत्रता दिवस के साथ देश भर में रक्षाबंधन का त्यौहार बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लेकिन रक्षाबंधन पर भावुक दृश्य देखने को मिला। पंडोह में स्थित 239 ट्रांजिट आर्मी कैंप में सेना का कॉनवे लेह के लिए जा रहा था। रात्रि विश्राम के लिए ट्रांजिट कैंप में रूका हुआ था। आज सुबह हिप्र डिफेंस वूमेन वेल्फेयर एसोसिएशन, एबीवीपी कार्यकर्ता, शाहपुजी कंपनी की कर्मचारी और आयुर्वेद अस्पताल पंडोह की पूजा शर्मा अन्य महिलाओं के साथ इस कैंप में रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने पहुंच गई। कैंप में रूके फौजी भाईयों ने उम्मीद नहीं की थी।
आज रक्षाबंधन पर उन्हें बहनों का प्यार इस रूप में मिलेगा। करीब 30 महिलाओं ने यहां मौजूद 200 फौजी भाईयों की कलाईयों पर राखियां बांधी और उनकी लंबी उम्र कि कामना की। राखियां बंधवाते वक्त अधिकतर फौजी भाई भावुक हो उठे और उनकी आंखे छलक आई। वहीं फौजी भाईयों की आंखों से छलके आंसू देखकर राखियां बांधने आई महिलाएं भी रो पड़ी। हिप्र डिफेंस वूमेन वेल्फेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा आशा ठाकुर ने बताया कि रक्षा बंधन पर ट्रांजिट कैंप में माहौल भावुक हो गया था। कुछ फौजी भाईयों ने उन्हें बताया कि उनके घर से उनकी बहनों से राखियां भेजी थी, लेकिन बांधने के लिए कोई नहीं था। इसलिए वह राखियां अपने साथ ही लेकर चल रहे थे।
पंडोह में महिलाओं ने जिस तरह से उन्हें प्यार दिया तो पता चल गया कि पूरा देश फौजियों का ही परिवार है। ट्रांजिट आर्मी कैंप पंडोह के कमान अधिकारी कर्नल एनके शर्मा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन का त्यौहार कैंप में काफी उत्साह के साथ मनाया गया। जिसमें कुछ भावुक पल भी देखने को मिले।
इस अवसर पर कर्नल विजिंदर कादयान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कर्नल विजिंदर कादयान ने सभी फौजी भाईयों का इस अवसर पर हौसला बढ़ाया। सभी को इस त्यौहार की बधाई दी। बता दें कि ऐसा कार्यक्रम इस आर्मी कैंप में पहली बार हुआ।
इस मौके पर 239 आर्मी कैंप के सूबेदार मेजर रमेश कुमार व समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।