वी कुमार/मंडी
मिस ग्लोरी नॉर्थ इंडिया 2018 और मिस राइजिंग एशिया 2018 का खिताब जीतने के बाद अब जैनिश भारती पेरिस में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। बता दें कि जैनिश भारती मंडी के चौंतड़ा गांव की रहने वाली हैं। एक छोटे से गांव से निकलकर जैनिश अब मॉडलिंग की दुनिया में छाने को बेकरार है। जैनिश के पिता चरण दास पुलिस विभाग से रिटायर हो चुके हैं। माता पदमा भाटिया स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
जैनिश ने मास्टर ऑफ एजुकेशन की शिक्षा हासिल की है, लेकिन इसके बाद इन्होंने मॉडलिंग को अपना करियर बनाने की ठानी। घर से मिले सहयोग के चलते आज जैनिश बुलंदियों की ओर बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। मिस हिमाचल के सेमी फ़ाइनल में पहुंचने के बाद जैनिश ने मिस ग्लोरी नॉर्थ इंडिया और मिस राइजिंग एशिया जैसे खिताब अपने नाम किए। जेनिश अब सितंबर महीने में मिस ग्लोरी ऑफ़ यूनिवर्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए फ्रांस की राजधानी पेरिस जाने वाली है।
इससे पहले वह जागृति ठाकुर द्वारा चंडीगढ़ में 7 अगस्त को आयोजित हो रही मॉडलिंग प्रतियोगिता में बतौर सेलीब्रिटी गेस्ट शामिल होंगी। जैनिश मानती है कि मॉडलिंग लड़कियों के लिए एक आकर्षक और संभावनाओं से भरा क्षेत्र है। अगर मेहनत और ईमानदारी से काम किया जाए तो इस क्षेत्र में नाम के साथ-साथ पैसा भी खूब कमाया जा सकता है। जैनिश फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चौपड़ा को अपना रोल मॉडल मानती हैं।
जैनिश का कहना है कि अगर मॉडलिंग के साथ-साथ एक्टिंग का अच्छा ऑफर मिला तो वह इस क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहेगी। जैनिश का कहना है कि गांव की और लड़कियों को भी मॉडलिंग के क्षेत्र में आना चाहिए। क्योंकि उनमें भी प्रतिभा भरी हुई है। लेकिन उन्हें उचित मंच नहीं मिलता।
जैनिश इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में एक मॉडलिंग एजैंसी खोलना चाहती है, ताकि यहां की युवतियों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रॉपर गाइडेंस मिल सके। जैनिश की पूरी पढ़ाई उनके गांव के स्कूल से ही हुई। उसके बाद जैनिश ने मास्टर ऑफ एजुकेशन किया। लेकिन अब जैनिश एक नई दिशा की तरफ अग्रसर होकर अपना भविष्य संवारने के साथ-साथ अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा भी बनती जा रही है।