माधवी पंडित/ज्वाली
उपमंडल के तहत त्रिलोकपुर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला की हत्या कर उसकी लाश को उसी के ट्रैक्टर की ट्राली में रेत के नीचे छिपा दिया गया। ट्रैक्टर को भी छिपाने की कोशिश हुई। पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात की वजह भी सामने आ गई है। महिला की हत्या ट्रैक्टर को हथियाने की नीयत से की गई थी।
मृतका की पहचान कलरी गांव की रहने वाली उषा देवी के तौर पर की गई है। मृतका के बेटे कृपाल सिंह के मुताबिक पिता की रिटायरमेंट के बाद मां उषा देवी को पारिवारिक पैंशन मिल रही थी। करीब 8 महीने पहले उसकी मुलाकात त्रिलोकपुर के रहने वाले माता दास उर्फ नंदू के साथ हुई थी, जिसने उसे अपने साथ रेत-बजरी लोड करने के लिए लगा लिया था। कुछ समय बाद उसकी मां उषा देवी भी किराए के मकान में आकर उसके साथ ही रहने लगी।
कृपाल सिंह के मुताबिक उसकी मां ने एक ट्रैक्टर ट्राली खरीदी थी, जिसमें माता दास के बेटे पूरव को बतौर चालक रखा गया। कुछ समय बाद माता दास व उसका बेटा पूरव उसकी मां उषा देवी पर ट्राली पूरव के नाम करवाने का दबाव बनाने लगा। इस कारण आपसी तनाव भी पैदा हो गया। मृतक महिला 28-29 अप्रैल की रात को लापता हो गई। इससे पहले उसके साथ मारपिटाई भी की गई।
कृपाल ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तुरंत एक्शन में आते हुए माता दास, उसकी मां शकुंतला व बेटे पूरव को गिरफ्तार किया है। इसके बाद ही निशानदेही पर लाश को ट्रैक्टर ट्राली से बरामद किया गया।