शिमला (एमबीएम न्यूज): रविवार शाम भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन महिला कबड्डी चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया है। मेजबान देश ईरान को हराकर भारत ने स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया है। अहम बात यह रही कि इस प्रतियोगिता में हिमाचली बेटियों प्रियंका नेगी व कविता ने अपनी प्रतिभा का जमकर लोहा मनवाया। फाइनल मुकाबला भारत ने 42-20 अंकों के अंतर से जीता।
हिमाचल प्रदेश कबड्डी फैडरेशन के सचिव रतन ठाकुर के मुताबिक प्रदेश की दोनों ही खिलाडिय़ों ने फाइनल में जबरदस्त प्रदर्शन किया। खिलाड़ी प्रियंका नेगी ने रेडर व डिफेंडर के तौर पर बखूबी खेला। जबकि कविता मेन कवर में टीम का हिस्सा बनी। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रियंका नेगी मूलत: सिरमौर के शिलाई की रहने वाली है।
एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए प्रियंका नेगी ने दावा किया था कि निश्चित तौर पर वह गोल्ड मैडल लेकर ही वापस लौटेंगी। शिलाई में भारतीय महिला कबड्डी टीम की जीत की खबर मिलते ही खुशी की लहर दौड़ गई।
उधर भारतीय महिला कबड्डी टीम में एंट्री करने वाली कविता का संबंध कुल्लू जिला से है। टीम में जगह बनाने के बाद कविता भी अब अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों की सूची में शामिल हो गई हैं। राज्य कबड्डी फैडरेशन के अध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि भारतीय कबड्डी फैडरेशन के संयुक्त सचिव देवोराज चतुर्वेदी की मार्फत कुछ देर पहले ही यह खुशखबरी मिली कि भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन चैंपियनशिप पर कब्जा कर लिया है।
उधर प्रियंका व कविता से संपर्क नहीं हो पाया है, लेकिन यह जरूर पता चला है कि जीत के बाद भारतीय महिला टीम ने कहा है कि आज एशिया, कल ओलम्पिक्स।
गौरतलब है कि भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का नेतृत्व हिमाचल पुलिस के डीएसपी बन चुके अजय ठाकुर कर रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 44-18 की जीत में अजय ठाकुर ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था। पुरुष टीम भी फाइनल मुकाबले में पहुंच चुकी है।