सोलन (एमबीएम न्यूज़): राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि नारी परिवार एवं समाज का आधार है। राज्यपाल आज सोलन में स्वर्ण एजुकेशन वेलफेयर एण्ड अवेयरनेस ट्रस्ट (सेवा) द्वारा संचालित खुशी डे केयर केन्द्र में बुजुर्ग महिलाओं से भेंट करने के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि परिवार तथा समाज के क्रमिक उत्थान एवं विकास में महिलाओं का योगदान सर्वोवरि है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सदैव ही सकारात्मकता की पक्षधर रही हैं तथा वर्तमान में समग्र विकास की दिशा में महिलाएं विशेष योगदान दे रही हैं।
आचार्य देवव्रत ने कहा कि भारत में प्राचीन समय में महिलाओं की परिवार तथा समाज के संचालन में सराहनीय भूमिका रही है। मध्यकालीन समय में महिलाओं की भूमिका एवं स्तर में गिरावट आई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विभिन्न माध्यमों से महिलाओं को समाज में उनका न्यायोचित स्थान दिलवाने के लिए अनेक सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने वरिष्ठ महिला नागरिकों को विभिन्न क्रियाकलापों के लिए उचित स्थान उपलब्ध करवाने के की दिशा में खुशी संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उपायुक्त सोलन राकेश कंवर ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा उन्हें संस्था की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर संस्था से जुड़ी महिलाओं ने भी अपने विचार रखे।
राज्यपाल के सलाहकार डॉ. शशिकान्त शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन मोहित चावला, प्रख्यात लेखिका एवं उपायुक्त की धर्मपत्नी मीनाक्षी चौधरी कंवर, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी सन्दीप नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह, उपमण्डलाधिकारी एकता कापटा, सहायक आयुक्त बीआर शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक वीसी नेगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, महिलाएं तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।