कसौली (एमबीएम न्यूज़) : थाना के अंतर्गत पिछली रात को नाहरी पंचायत के गाँव भनेत के निवासी मस्तराम के पानी में बहने से मौत होने का समाचार मिला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछली रात को कसौली के आसपास भारी वर्षा हो रही थी। भारी वर्षा में मृतक मस्तराम कसौली से अपने गाँव भनेत अकेला जा रहा था। रात के समय बहते नाले को पार करते समय मस्तराम पानी में बह गया।
नहारी पंचायत के उप प्रधान हिमांशु गुप्ता ने बताया कि मृतक मस्तराम उनकी पंचायत का रहने वाला था, जो मजदूरी का कार्य करता था। रात का समय होने के कारण मस्तराम के बहने का पता न चल सका। सुबह जब ओडा गांव के ग्रामीणों ने नाले में शव को देखा तो इसकी सूचना कसौली पुलिस को दी गई। कसौली पुलिस के मुख्य आरक्षी हरीश कुमार अपने दलबल के साथ घटना स्थल पर पँहुचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।
शव की पहचान मस्तराम नाम से गाँव भनेत की हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई परवाणु भेजा गया है। परवाणु के डीएसपी प्रमोद चौहान ने घटना की पुष्टि की है। ग्राम पंचायत नाहरी के प्रधान रामसिंह, उपप्रधान हिमांशु गुप्ता व पूर्व उपप्रधान मनमोहन शर्मा ने इस प्राकृतिक घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदनायें व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना पर प्रशासन से परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए भी हर संभव प्रयास किये जायेंगे।