सुंदरनगर : हिमाचल प्रदेश की सड़को पर हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे है। ताजा घटना क्रम में सुंदरनगर के कांगू में नेशनल हाईवे-21 पर एक कार व बाइक में जोरदार टक्कर होने से भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालात गंभीर होने के कारण पीजीआई रैफर किया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कांगू में एक ओवरस्पीड बाइक (एचपी-31बी-8384) के चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करते हुए विपरीत दिशा से आ रही कार (एचपी-38डी-3825) को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना के समय बाइक को सचिन कुमार निवासी सलापड़ (मंडी) चला रहा था। हादसे में बाइक चालक सचिन कुमार व एक अन्य युवती को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों द्वारा घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां दुर्घटना में घायल भाई व बहन को पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया है।
वहीं दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सलापड़ पुलिस के प्रभारी एएसआई राजेंद्र कुमार ठाकुर ने टीम सहित पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी गुरबचन सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।