सोलन: बद्दी क्षेत्र में बारिश ने पांच अनमोल जीवन छीन लिए हैं। मानकपुरा में घर गिरने से तीन व्यक्ति दब गए। इनमें से दो की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हुई है। मृतकों की पहचान मानकपुरा के अवतार सिंह व कर्मचंद के तौर पर की गई है, जबकि घायल महिला की पहचान मृतक अवतार सिंह की पत्नी पूनम के तौर पर हुई है। मकान के मलबे से निकालने के लिए प्रशासन ने एनडीआरएफ की भी मदद ली।
दूसरा हादसा डाबर इंडिया लिमिटेड की दिवार गिरने से हुआ। इसकी चपेट में आने से बिहार के रहने वाले विक्की कुमार पुत्र मुख्तार सिंह की मौत हुई है। एक अन्य घटना में सरसा नदी से सात वर्षीय लड़की का शव बरामद हुआ है। साथ ही हरिपुर गांव में एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला है। बच्ची सहित मृतक शख्स की शिनाख्त नहीं हो पाई है। डाबर इंडिया लिमिटेड की दिवार गिरने से उत्तर प्रदेश के रहने वाले मजदूर राजेश कुमार पुत्र मिश्री लाल को भी चोटें आई हैं। क्षेत्र के अलग-अलग हादसों में पांच की मौत हुई है, जबकि दो घायलों की स्थिति स्थिर बताई गई है।
एडीएम विवेक चंदेल ने पुष्टि करते हुए कहा कि मकान ढहने की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम को भी बुला लिया गया था। उधर अंतिम समाचार तक नालागढ-रामशहर मार्ग अवरुद्ध था। इसकी वजह हाईवे पर जलभराव था।
उधर बारिश के अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन ने सोमवार को स्कूलों व अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। इस बाबत जिला दंडाधिकारी केसी चमन ने आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत सरकारी, निजी स्कूलों के अलावा कॉलेज, यूनिवर्सिटी , आईटीआई, पॉलीटैक्नीक व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा।