ऊना (एमबीएम न्यूज़) : चिंतपूर्णी के तहत भरवाईं में स्टोव फटने से भड़की आग में एक प्रवासी झुलस गया। गनीमत रही की समय रहते व्यक्ति के शरीर पर भड़की आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में शरीर का अधिकांश हिस्सा झुलसने से बच गया। घायल व्यक्ति की पहचान धनी यादव गांव नौलपुर बाजार जिला बैथियां बिहार के रूप में हुई है, जो कि काफी समय से भरवाई में रहता है। फिलहाल धनी राम का ईलाज क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जारी है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से बिहार निवासी धनी राम बेटे सहित अन्य साथियों के साथ लंबे समय से जिला के भरवाईं चिंतपूर्णी के पास किराए के मकान में रहता है। प्रतिदिन की तरह बुधवार रात को भी धनी राम दिहाड़ी मजदूरी करके वापस मकान में पहुंचा था। इतने में वह कमरे में स्टोव पर खाना बना रहा था कि एकाएक स्टोव फट गया।
स्टोव फटने के कारण भड़की आग से धनी राम की टांग सहित जांघ का काफी हिस्सा झुलस गया। स्टोव फटने की आवाज को सुनकर मौके पर पहुंचे साथियों ने तुरंत धनी राम को राहत पहुंचाई तथा नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। फिलहाल धनी राम का उपचार ऊना अस्पताल में जारी है। उधर मामले की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।