ऊना (एमबीएम न्यूज़) : औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के बेला बाथड़ी स्थित एक उद्योग की आग की भट्ठी में धमाका होने से कामगार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सुबोध सिंह निवासी दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। घटना के बाद से उद्योग में कार्यरत अन्य कामगारों में हड़कंप मच गया। उधर पुलिस ने सूचना मिलते ही मामले की आगामी कानूनी छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे एक उद्योग में कामगार काम कर रहे थे। अचानक अज्ञात कारणों के चलते स्क्रेप पिघलाने वाली आग की भट्ठी में अचानक धमाका हो गया और भट्ठी का गर्म पदार्थ काम कर रहे मजदूर सुबोध पर जा रहा गिरा। जिससे वह बुरी तरह से झुलस गया।
घटना के बाद आनन-फानन में उद्योग प्रबंधन ने उसे उपचार के लिए नवाशहर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लुधियाना सीएमसी रेफर कर दिया। जहां कामगार ने दम तोड़ दिया। उधर हरोली के डीएसपी अजय राणा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।