हमीरपुर : आज के समय में पति-पत्नी के बीच छोटे-छोटे झगड़े किस कदर तक और कहां तक पहुंच जाते हैं, यह शायद हम समझ नहीं सकते हैं। ऐसी ही एक घटना बड़सर उपमंडल के गुजरेडा गांव में घटी। मिली जानकारी के अनुसार एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूत्रों के अनुसार शादी के बाद युवक का पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। जिसके चलते उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रहती थी।
युवक पत्नी से मिलने ससुराल आया और अपनी पत्नी के ताया के घर गया। जहां उसने अपनी साली से पानी का गिलास मांगा। पानी के साथ उसने कुछ गोली खाई। लड़की ने जीजा के आने की सूचना घरवालों को दी। वह भी उसे मिलने आए। उनके सामने भी उसने एक गोली और खाई, जिसे उन्होंने अशोक के मुंह से निकाला। उसके बाद युवक ससुराल से भाग गया। लेकिन रास्ते में शाहतलाई की ओर जाते हुए उसकी तबीयत खराब हो गई।
उसने टैक्सी चालक को अपनी तबीयत खराब होने के बारे में बताया। टैक्सी चालक द्वारा उसे बड़सर अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हमीरपुर के लिए रैफर कर दिया गया। लेकिन शरीर में जहर फैल जाने के कारण उसकी मौत हो गई। डीएसपी बड़सर जसवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि घटना दुःखद है। पुलिस द्वारा फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।