नई दिल्ली, 17 जून : आखिरकार, प्रियंका गांधी ने चुनाव मैदान में उतरने की हामी भर दी हैै। कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को वायनाड लोकसभा सीट से उपचुनाव में उतारने का निर्णय लिया है। देर शाम कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राहुल गांधी की मौजूदगी में ये ऐलान पत्रकारों के समक्ष किया गया। इस दौरान प्रियंका गांधी भी मौजूद थी।
देश की राजनीति में लंबे अरसे से प्रियंका को चुनाव मैदान में उतारने की मांग होती रही है। बता दें कि राहुल गांधी ने हाल ही के लोकसभा चुनाव में रायबरेली व वायनाड सीट पर शानदार जीत हासिल की थी। राहुल को इनमें से एक सीट छोड़नी थी। राहुल गांधी वायनाड सीट को छोड़ने को लेकर कई मर्तबा भावुक भी नजर आए। राहुल इस सीट पर प्रियंका गांधी को उतारेंगे, इस बात का इल्म एक दिन पहले तक भी किसी को नहीं था।
बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव बनाया गया था। हालांकि, उत्तर प्रदेश में प्रियंका का जादू नहीं चल पाया। लेकिन 2024 में कांग्रेस का ग्राफ ऊपर की तरफ गया। बहरहाल, अपने राजनीतिक जीवन में पहली बार प्रियंका गांधी चुनावी मैदान में उतरने जा रही है। ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’, ये ऐलान प्रियंका गांधी ने 2022 के यूपी चुनाव के दौरान किया था। लेकिन सही मायनों में इसे अब चरितार्थ किया है।
@R1