नाहन, 16 जून : हिमाचल प्रदेश के नाहन विकास खंड के सैन की सेर पंचायत में शीशम के पेड़ पर लटके मिले लड़का-लड़की के शवों के सनसनीखेज मामले में ताजा जानकारी सामने आई है। दोनों शवों की शिनाख्त हो गई है। इसके मुताबिक 16 वर्षीय लड़का पांवटा साहिब के माजरी गांव का रहने वाला था, जबकि 15 साल की लड़की पड़दूनी पंचायत के मेहराड़ गांव की रहने वाली थी। लड़की के परिजनों ने बेटी को अगवा करने का मामला 6 जून 2024 को माजरा पुलिस थाना में दर्ज करवाया था।
अंतिम समाचार के मुताबिक शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद शवों का अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हालांकि, पुलिस ने अपने स्तर पर प्रेम प्रसंग की पुष्टि नहीं की है, लेकिन परिस्थिति के आधार पर चर्चा यही है कि प्रेम प्रसंग में ही नाबालिगों ने खौफनाक कदम उठा लिया।
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2024/06/nahan-2.jpg)
चूंकि, लड़का व लड़की 6 जून से ही लापता थे, लिहाजा ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दोनों ने 8 से 10 दिन पहले ही पेड़ पर लटककर मौत को गले लगा लिया था। प्रथम दृष्टया में पुलिस ने सुबह ही शवों की हालत को देखकर इस बात का अंदाजा लगा लिया था कि शव काफी दिनों से पेड़ पर लटके हुए हैं। मौत को गले लगाने के लिए लड़के व लड़की ने ऐसी जगह को चुना था, जहां अमूमन कोई नहीं जाता, इसी कारण नाबालिगों के खौफनाक कदम का खुलासा ही नहीं हो पाया।
गौरतलब है कि बीती शाम पुलिस को घटना की जानकारी मिल गई थी, लेकिन फोरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले शवों को पेड़ से नहीं उतारा जाना था। लिहाजा, शवों की पहरेदारी के लिए रात को घटनास्थल पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी।
10 दिन से लापता था जोड़ा
जानकारी के मुताबिक, युवती के परिजनों ने माजरा पुलिस थाना में 6 जून को लड़की के अगवा होने का मामला दर्ज करवाया था। इसमें लड़के पर लड़की को अगवा करने का मामला आईपीसी की धारा 363 के तहत दर्ज किया गया था। रविवार सुबह शव मिलने के बाद माजरा पुलिस ने सदर पुलिस को सूचित किया। हालांकि यह तो साफ़ हो गया है कि लड़का-लड़की कब घर से भागे थे लेकिन यह साफ़ नहीं है कि दोनों ने एक साथ फांसी कब लगाई थी।
ऐसे शुरू हुई कार्रवाई
प्रधान, ग्रांम पंचाय़त सैन की सैर ने टेलीफोन के माध्यम से पुलिस थाना सदर नाहन में सूचना दी कि रामाधौण रोड पर पाइप लाईन से नीचे जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड से लटका हुआ है। इसके बाद पुलिस थाना सदर नाहन की टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची । शव सड़ी-गली अवस्था में थे। इस कारण ही शवों कि पहचान नहीं हो पा रही थी।
पुलिस अधीक्षक व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। शवों की पहचान करने के लिए तथा घटना के सम्बन्ध में हर पहलू से जांच करने के लिए प्रभारी पुलिस थाना सदर को एसएसपी रमन मीणा ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किये। घटना स्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण करने के लिए राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला( State Forensic Science Laboratory) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। शवों का पोस्टमार्टम डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में करवाया जा रहा है।