शिमला, 15 मार्च : नगर निगम शिमला के चुनावों की अभी घोषणा भी नहीं हुई और सत्ता पक्ष एवं विपक्ष चुनावों को लेकर आमने सामने आ गए है। नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी बनाए गए विधायक सुखराम चौधरी ने सरकार और प्रशासन पर वोटर लिस्ट में धांधली के आरोप लगाए हैं।
प्रशासन सरकार के कहने पर शिमला से बाहर के लोगों के वोट बनाए जा रहे है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार नगर निगम शिमला के चुनाव को जीतने के लिए हर हथकंडे अपनाने में लगी हुई है। उन्होंने बताया कि वार्डों को 41 से घटाकर 34 कर दिया है। यदि सरकार का यही रवैया रहा तो भाजपा कोर्ट का दरवाजा खटखटाने से भी पीछे नहीं हटेगी।
नगर निगम शिमला के चुनावों को लेकर भाजपा ने सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुखराम चौधरी ने शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि हिमाचल में चल रही कन्फ्यूज्ड सरकार है। एमसी शिमला के चुनाव जीतने के लिए सरकार अपना गैर कानूनी हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा सरकार के दबाव में अधिकारी बिना डॉक्यूमेंट के वोट बना रहे हैं।
शिमला के आसपास इलाकों के लोगों के नगर निगम के लिए वोट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि सरकार निष्पक्ष ढंग से चुनाव करवाएं, और नगर निगम शिमला के चुनाव की, पार्टी सिंबल पर ही होने चाहिए।