शिमला, 08 दिसंबर : हॉट सीट शिमला शहरी पर कांग्रेस ने अपना परचम लहरा दिया है। 15 साल बाद कांग्रेस को इस सीट पर जीत नसीब हुई है। कांग्रेस के हरीश जनार्था यहां पर 3037 मतों से विजयी घोषित हुए हैं। उन्होंने चाय वाले प्रत्याशी के नाम से चर्चित भाजपा के संजय सूद को मात दी है। निर्वाचन आयोग के मतगणना आंकड़ों के मुताबिक हरीश जनार्था को 15803 मत मिले, जबकि भाजपा के संजय सूद 12766 मत ले पाए।
माकपा के टिकेंद्र पंवर 1400 मत ही ले पाए। आम आदमी पार्टी के चमन राकेश को महज 328 मत मिले। इस सीट पर सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें भाजपा और कांग्रेस को छोड़कर अन्य सात प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। बहुजन समाज पार्टी के राकेश कुमार गिल को सबसे कम 46 मत मिले। 237 लोगों ने नोटा का बटन दबाया।
भाजपा के वर्चस्व वाली शिमला शहरी सीट पर कांग्रेस ने डेढ़ दशक बाद विजय पताका लहराया है। वर्ष 2003 में कांग्रेस के हरभजन सिंह भज्जी यहां से विजयी हुए थे। इसके बाद 2007 से 2017 तक भाजपा के कदावर नेता व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जीत की हैट्रिक लगाई।
इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व ने चौंकाने वाला कदम उठाते हुए सुरेश भारद्वाज को शिमला शहर से सटे कुसुम्पटी हल्के से मैदान में उतारा था। जबकि शिमला शहर से संजय सूद को टिकट दी गई। प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष संजय सूद की शिमला के पुराने बस अड्डे पर चाय के दुकान है। भाजपा ने उनका प्रचार चाय वाले प्रत्याशी के रूप में किया।