शिमला, 17 दिसंबर : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि सत्ता में आते ही भाजपा ने प्रदेश में डबल इंजन की सरकार का दावा करते हुए प्रदेश के विकास के जो सपने लोगों को दिखाए थे, उन में से एक भी पूरा नही हुआ। आज स्थिति यह है कि विकास के नाम पर सरकार को अपने खर्चे चलाने के लिये कर्ज पर कर्ज लेना पड़ रहा है।
राठौर ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि कैग की रिपोर्ट ने प्रदेश सरकार के फिजूलखर्ची की पूरी पोल खोल दी है।
मुख्यमंत्री का यह कहना कि सरकार की आमदनी 25 पैसे है, और खर्च एक रुपये है, तो सरकार को अपने खर्च कम करने चाहिए थे। सरकार ने अपने मंत्रियों को महंगी गाड़ियां भी खरीदी साथ ही मुख्यमंत्री ने अपने लिये एक नया उड़न खटोला भी महंगी दर से खरीदा, जबकि प्रदेश की वित्तीय स्थिति नाजुक हालत में चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल में सत्ता का खुल कर दुरपयोग किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की वित्तीय स्थिति को पूरी तरह अस्त व्यस्त कर दिया है।
राठौर ने कहा कि जयराम सरकार अब अगले साल होने वाले। विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत लोगों को झूठे वादे कर उन्हें बुलाने का असफल प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा को इसका कोई राजनीतिक लाभ मिलने वाला नही।
उन्होंने कहा की बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ लोगों ने चार उप चुनावों में सरकार के विरुद्ध अपना जनमत दे दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को अब सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नही रह गया है,इसलिए उसे प्रदेश में जल्द चुनाव करवाने चाहिए।