नाहन, 4 अगस्त : हिमाचल निर्माता की जयंती के मौके पर कांग्रेस ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक डाॅ. राजीव बिंदल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दरअसल, कांग्रेस मंडल ने निहोग के समीप राहोर गांव के जंगल में पौधारोपण का कार्यक्रम तय किया था। ऐन मौके पर वन विभाग ने कांग्रेस को सरकारी भूमि में पौधारोपण से रोक दिया। इस पर मौके पर ही कांग्रेसी भड़क गए। साथ ही इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश निर्माता की जयंती के मौके पर पौधारोपण को लेकर पहले वन विभाग सहयोग प्रदान कर रहा था, लेकिन अचानक ही स्थानीय विधायक डाॅ. राजीव बिंदल के इशारे पर वन विभाग ने न केवल हाथ पीछे खींच लिए, बल्कि निजी भूमि में पौधरोपण करने की नसीहत दी। प्रशासन की दखल पर कांग्रेस ने पूर्व निर्धारित स्थान पर वृक्षारोपण किया।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अजय सोलंकी ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में विधायक द्वारा खलल डाला गया। उनका कहना है कि चयनित स्थान पर विभाग ने वृक्षारोपण रोकने के लिए तार-बाड़ तक लगा दी थी। सोलंकी ने कहा कि इसके बाद मामला उपायुक्त से उठाया गया, तब जाकर वृक्षारोपण हो पाया।
सोलंकी ने कहा कि एक तरफ तो विधायक द्वारा सदन में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का जिक्र कर सियासी लाभ लेने की कोशिश की जाती है, वहीं धरातल पर प्रदेश निर्माता की जयंती पर कार्यक्रम में खलल डाला गया। ये निंदनीय है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष ज्ञान चौधरी, भूपेंद्र ठाकुर, बीना, रणवीर, सरज्ञान, नरेंद्र तोमर, नरेश दत्त, बलबीर व राजीव ठाकुर इत्यादि मौजूद रहे।