मंडी, 7 फरवरी : चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर भू स्खलन होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार औट थाना क्षेत्र के तहत आने वाले दवाड़ा नामक स्थान पर आज 11 बजे पहाड़ी से काफी मलबा नेशनल हाईवे पर आ गिरा।
स्थानीय प्रशासन ने मौके पर मौजूद मशीनरी की मदद से उस मलबे को एक घंटे के भीतर हटाकर हाईवे को यातायात के लिए बहाल कर दिया। लेकिन दोपहर करीब दो बजे पहाड़ी से पत्थरों का सैलाब आ गया। इसकी चपेट में हाईवे से गुजर रही एक ( HP 33F-0506) आ गई।
कार में सवार मंडी शहर के रामनगर वार्ड निवासी 55 वर्षीय अजय पाल सिंह और उनकी 52 वर्षीय धर्मपत्नी परमिंदर कौर बुरी तरह से घायल हो गए। मौके पर मौजूद पधर उपमंडल के पाली गांव निवासी संदीप कुमार ने दोनों घायलों को तुरंत प्रभाव से अपनी गाड़ी में बिठाया और हास्पिटल के लिए रवाना हो गया। रास्ते में अजय पाल सिंह की मौत हो गई जबकि उनकी धर्मपत्नी का हास्पिटल में उपचार जारी है।
Watch Video : https://youtu.be/CsYc35DyOlQ
एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी हाईवे से मलबा हटा दिया गया है, लेकिन एहतिआत के तौर पर हाईवे को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। स्थिति सामान्य होने के बाद हाईवे को यातायात के लिए बहाल किया जाएगा।