ऊना, 7 फरवरी : पंचायत समिति ऊना के अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के जिला अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा को हार का मुंह देखना पड़ा है। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार ने जीत दर्ज कर दी है। मुख्यालय के डीआरडीए हॉल में पंचायत समिति ऊना के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों का चुनाव शनिवार को आयोजित किया गया। बहु प्रतीक्षित चुनाव को लेकर मुख्यालय में गहमा-गहमी भरा माहौल रहा।
भाजपा के समर्थित 14 ब्लॉक समिति सदस्य डीआरडीए हॉल में चुनाव के लिए पहुंच गए थे। वही लगभग समय पूरा होने से कुछ देर पहले कांग्रेस के भी 14 सदस्य इस चुनाव में भाग लेने के लिए डीआरडीए हॉल में पहुंच गए। जिसके बाद शुरू हुई प्रक्रिया में भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए जिला अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा पर दांव खेला जबकि कांग्रेस ने जसपाल को पंचायत समिति के लिए अपना अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किया।
उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा से महेंद्र छिब्बर और कांग्रेस से रमेश चंद्र उम्मीदवार बनाए गए। उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस के रमेश चंद को 15 मत हासिल हुए जबकि भाजपा के महेंद्र छिब्बर को 13 पंचायत समिति सदस्यों ने अपने वोट दिए।
अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिली जहां पर भाजपा के जिला अध्यक्ष मनोहर लाल और कांग्रेस के जसपाल को 14-14 मत पड़े। मुकाबला टाई होने के बाद इसका निर्णय लॉटरी सिस्टम से किया गया जिसमें कांग्रेस के जसपाल ने बाजी मार ली। चुनाव प्रक्रिया एसडीएम ऊना डॉक्टर सुरेश चंद्र जसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
गौरतलब है कि जिला परिषद समेत जिला की तमाम पंचायत समितियों में भाजपा के काबिज होने के बाद यह एकमात्र ऐसी पंचायत समिति आई है, जिसमें कांग्रेस ने कब्जा जमाया है। बुरी तरह हार रही कांग्रेस की लाज ऊना सदर ब्लॉक कांग्रेस ने रख ली है।
एसडीएम ऊना डॉ. सुरेश जसवाल ने कहा कि बीडीसी अध्यक्ष उपाध्यक्ष पद का चुनाव हुआ जिसमें सभी सदस्यों ने हिस्सा लिया और इस चुनाव में जसपाल को अध्यक्ष और रमेश चंद को उपाध्यक्ष चुना गया है। वहीँ ऊना सदर से कांग्रेस के विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस समर्थित सदस्यों की खरीदों फरोख्त का बहुत प्रयास किया और अंत में जीत सच्चाई की हुई है।