शिमला, 10 नवंबर : हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से शुष्क चल रहे मौसम का स्पैल अब खत्म होने की संभावना है। दिवाली के दिन हिमाचल के तमाम इलाकों में मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 14 नवंबर को सूबे में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक दे रहा है, जिसका असर 3 दिन तक देखा जाएगा, यानी दिवाली और इसके बाद पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात और मैदानों व मध्यवर्ती भागों में बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के डायरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले 3 दिन तो मौसम साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो सकता है। खासतौर पर 14 नवंबर को राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों लाहौल-स्पीति, किन्नौर व कुल्लू और चम्बा में बर्फबारी की उम्मीद है। 15 व 16 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान मैदानों व मध्यवर्ती इलाकों में गरज के साथ बारिश व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात के आसार हैं।
मौसम में बदलाव की वजह से राज्य में ठंड का प्रकोप काफी बढ़ जाएगा। हालांकि राज्य में अभी भी सुबह व शाम के वक्त कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और उच्च पर्वतीय भागों में पारा माइनस में चला गया है। जनजातीय क्षेत्र केलंग राज्य का सबसे ठंडा स्थल दर्ज किया गया। जहां आज सुबह न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में 2.3, मनाली में 2.6 और भुंतर में 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लाहौल-स्पीति और किन्नौर में भीषण सर्द की वजह से अधिकांश झीलें बर्फ में तबदील हो गई हैं।