शिमला, 05 अक्तूबर : रामपुर उपमंडल के ननखड़ी में भयानक सड़क हादसा हुआ है। एक कार में सवार पांच महिलाएं ननखड़ी से अपने गांव आडू लौट रही थी कि नालबन के पास कार बेकाबू होकर खाई में पलट गई। कार को एक महिला चला रही थी। पुलिस मदद के लिए मौके पर पहुंची, तब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी थी। तीन महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हैं और इन्हें रामपुर के सिविल अस्पताल रैफर किया गया है। मरने वालों में कार चला रही महिला अल्मा (57) पत्नी किशन चंद और गरजा देवी (47) पत्नी प्रेम सिंह शामिल हैं। घायल महिलाओं की पहचान 47 वर्षीय मीरा देवी पत्नी केदार, 40 वर्षीय शकुंतला देवी पत्नी हितानंद और 38 वर्षीय सत्या पत्नी सतपाल के रूप में हुई है।
डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि ये सभी ननखड़ी के एक ही गांव आडू के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हादसे की सूचना आज दोपहर बाद सवा चार बजे मिली। पुलिस ने त्वरित बचाव अभियान चलाया तथा हताहतों व घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। कहा कि हादसे का शिकार हुई कार (सीएच04बी-5870) सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने कहा कि कार में सभी महिलाएं सवार थीं। वे ननखड़ी से अपने गांव लौट रही थीं। इस दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।