संगड़ाह : क्या आप विश्वास करेंगे, बैलों की टोली तेंदुए को मौत के घाट उतार सकती है। हकीकत में ऐसा उपमंडल की शिवपुर पंचायत में हुआ है। पंचायत के दो क्षेत्रों में हिंसक तेंदुए ने पहले दो महिलाओं समेत तीन को जख्मी कर दिया। इसके बाद भी वो नहीं माना, लेकिन शायद तेंदुए को कतई भी इल्म नहीं था कि बैलों की टोली पर हमला करना उसी के लिए महंगा पड़ जाएगा। पहले तेंदुआ रात 2 बजे के आसपास गोविंद सिंह के घर में घुसा। पत्नी रक्षा देवी पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद सतपाल के घर में उनकी पत्नी कमलेश को बुरी तरह जख्मी कर दिया।
https://youtu.be/gbu83UvtgQ0
महिलाओं को 108 की मदद से संगड़ाह पहुंचाया गया। हालांकि तेंदुए ने मदन सिंह के बाड़े में दो बैलों व एक गाय के बछड़े को घायल भी किया, लेकिन शोर सुनने पर जब घर के लोग पशुशाला में पहुंचे तो तेंदुए को देखकर उनके होश उड़ गए थे। इसी बीच दरवाजे को बंद कर दिया गया। ग्रामीणों की मानें तो करीब एक घंटे तक बैलों व तेंदुए के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। हालांकि बैल भी जख्मी हो गए, लेकिन उन्होंने तेंदुए को मौत के घाट उतार कर दम लिया। साथ ही लोगों के प्राणों की भी रक्षा की। पंचायत प्रधान कंठी राम की मानें तो हिंसक तेंदुआ ओर भी लोगों को घायल कर सकता था।
बैलों से मुठभेड़ से पहले तेंदुआ 80 साल की सुरतो देवी को भी घायल कर चुका था। अब केवल लोग यही प्रार्थना कर रहे हैं कि इस खौफनाक घटना में घायल हुए बैलों व बछड़े के प्राण बच जाएं। पंचायत प्रधान ने प्रशासन से इम्दाद का आग्रह किया है। इसी बीच वन विभाग तेंदुए की मौत के मामले में तहकीकात कर रहा है।