ज्वाली(अनिल छांगू): प्रदेश की सबसे बड़ी सनसनी कांगड़ा जनपद के फतेहपुर उपमंडल से जुड़ी है। शुक्रवार को हर कोई उस समय सन्न रह गया, जब 17 साल के अभिषेक का शव भी बरामद कर लिया गया। दीगर है कि वीरवार को 11 वर्षीय रमन का शव जंगल से बरामद हुआ था। दूसरा शव लगभग 500 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ। लड़के 26 जनवरी से लापता थे। 11 साल के रमन का शव इंदौरा थाना के तहत गदराना पंचायत के जंगल में मिला था।
सबसे पहले गद्दी समुदाय के एक व्यक्ति ने ही शव को देखा था। पहले यह आशंका जाहिर की जा रही थी कि अभिषेक ने ही रमन का मर्डर किया होगा। लेकिन इन अटकलों पर आज उस समय विराम लग गया, जब अभिषेक का शव भी बरामद हो गया। अहम बात यह है कि पुलिस लड़कों की मौत की वजह को बताने में अनभिज्ञता जाहिर कर रही है। केवल व केवल पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही टिप्पणी की बात की जा रही है, जबकि सवाल यह उठता है कि पुलिस को प्रारंभिक जांच में फोरेंसिक ओपिनियन भी मिला होगा।
बताया जा रहा है कि लापता नाबालिगों के शवों के नजदीक से दराती व मोबाइल भी बरामद हुआ है। शवों पर चोट के निशान को लेकर भी पुलिस फिलहाल कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। अंतिम समाचार के मुताबिक डीएसपी साहिल अरोड़ा जंगल में ही तफ्तीश में जुटे हुए थे। एसपी विमुक्त रंजन ने केवल शव बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक यह नहीं कहा जा सकता कि हत्या हुई है।
बहरहाल इलाके में सनसनी फैली हुई है। साथ ही शोकाकुल परिवारों के घरों में मातम पसरा हुआ है।
चूंकि अभिषेक का शव घग्गर नाले के समीप मिला है, लिहाजा आशंका यह भी जाहिर की जा रही है कि रमन का मर्डर करने के बाद खुद भी छलांग लगाकर जान दे दी होगी। इसके अलावा उसके नाले में गिरने की भी आशंका जाहिर की जा रही है। रहस्यमयी मौतों से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
Latest
- बद्दी : हिंदू देवी-देवताओं की आपत्तिजनक वीडियो मामले में तीन गिरफ्तार
- सोलन में मतदान के लिए प्रेरित करेगा ‘ईट प्योर वोट फॉर श्योर’ अभियान
- विद्यार्थियों जीवन में शिक्षा के साथ सह शैक्षणिक गतिविधियों भी ज़रूरी : रितिका जिंदल
- पापियों का साथ भगवान भी नहीं देता, भाजपा नहीं हिमाचल हितैषी : सुक्खू
- शिमला : खुशबू ने 89% व प्रगति शर्मा ने 92% अंक प्राप्त कर चमकाया नाम