पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज) : अभी हाल ही में सीआईडी महकमे व वन विभाग द्वारा की गई कार्रवाही के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी सुखराम तल्ख हो गए है। उन्होंने म्यान से तलवार निकालते हुए सरकारी मुलाजिमों व राजनैतिक लोगों पर कई वार कर डाले। लोनिवि के विश्राम गृह में वह पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने सरकारी कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना सरकारी मुलाजिमों की कथित मिली भगत के कारण अवैध कटान को अंजाम नही दिया जा सकता। अभी हाल ही में जो कार्रवाही हुई है वह भी राजनैतिक द्वेष भावना से की गई है। जबकि इससे पहले 24 दिसम्बर 2012 को खैर के 24 पेड डाडा बीट से काटे गए थे। जिसके पुख्ता प्रमाण विभाग को पेश भी कर दिए थे। इसके अलावा अन्य विभागों को सूचित किया गया था तथा भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन कर सरकार सहित वन विभाग को आगाह भी कर दिया था। किन्तु डैमेज रिपोर्ट काट कर ही विभाग ने अपने कर्तव्य की इतिश्री कर डाली थी।
उन्होंने ऐलान किया कि डांडा कंडेला व अम्बोया बीट में अगर निष्पक्ष जांच करवाई जाएं तो करोडों रूपये की वन संपदा को माफिया लूट कर ले गया है जिसमें राजनैतिक लोगों व वन विभाग के कर्मचारियों की कथित मिलीभगत है।