दाडलाघाट (एमबीएम न्यूज़) : अर्की निर्वाचन क्षेत्र की भराड़ीघाट पंचयात में आली-भूर्जनी सड़क के उदघाटन को लेकर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए हैं। शनिवार को स्थानीय विधायक गोविंद राम शर्मा द्वारा सड़क का विधिवत उदघाटन किया जाना था, लेकिन उदघाटन समारोह से ठीक पहले जब स्थानीय लोग कार्यक्रम की तैयारी कर रहे थे तो कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता उदघाटन पट्टिकाएं तोड़कर अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि वहां मौजूद कुछ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पट्टिकाएं तोड़कर ले जाने वाले लोगों का वीडियो भी बना लिया है तथा अब इसे सोशल मीडिया पर डालने की तैयारी की जा रही है, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। क्षेत्र में काफी अरसे से दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में सड़क के उदघाटन का श्रेय लेने को लेकर खींचतान चल रही थी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जहां विधायक पर जबरन बिना सरकार और विभाग की अनुमति के उदघाटन न करने के आरोप लगाए, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की दादागिरी करार दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उदघाटन पट्टिका तोड़कर अपने साथ ले जाने के बाद हालांकि आनन-फानन में प्लाईवुड की दूसरी पट्टिका बनवाकर विधायक द्वारा उदघाटन करवा दिया गया।
पंचायत प्रधान राम स्वरूप के अनुसार चार-पांच कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस और लोक निर्माण विभाग के जेई के साथ आउ और उनसे सड़क के उदघाटन के स्वीकृति पत्र की मांग करने लगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक के नाम की पट्टिका को भी तोड़ दिया। उन्होंने इसे कांग्रेस की गुंडागर्दी बताया और कहा कि सड़क निर्माण के श्रेय का सेहरा अपने सिर पर न बधंता देख कार्यकर्ता बौखला गए है।।
अर्की निर्वाचन क्षेत्र के विधायक गोविंद राम शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनके नाम की उद्घाटन पट्टिका तोडऩे की बात से साफ इंकार किया। उन्होंने कहा कि सभ्य और प्रतिष्ठित संगठन के कार्यकर्ता ऐसे काम नही कर सकते। यह शरारती तत्वों का काम हो सकता है। उन्होंने ने डीएसपी दाड़लाघाट पर कांग्रेस के कार्यकर्ता के तौर पर काम करने के आरोप भी लगाएं।
उधर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीराम कौंडल ने बताया कि विधायक द्वारा जबरन बिना किसी पूर्व सूचना के उदघाटन किया जा रहा था। संबंधित विभाग तक को इसकी सूचना नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि उदघाटन पटिट्का किन लोगों ने हटाई है इस बारे में उन्हें मालूम नहीं है।