नई दिल्ली, 09 दिसंबर : तमिलनाडु में हुए भीषण हेलीकॉप्टर हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पूरे देश में वीर जवानों के शाहदत पर शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, इस हादसे में हेलीकॉप्टर सवार कैप्टन वरुण सिंह जीवित बच गए है, जिनकी सलामती के लिए पूरा देश दुआएं मांग रहा है। हर कोई यही प्रार्थना कर रहा है कि वह जल्द स्वस्थ हो जाए।
हालांकि, उनकी स्थिति गंभीर है और वे मिलिट्री अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। खास बात ये है कि वरुण का परिवार तीनों सेनाओं से जुड़ा हुआ है। पिता थलसेना से रिटायर्ड कर्नल, खुद वरुण वायुसेना कैप्टन और उनके छोटे भाई तनुज सिंह इंडियन नेवी में लेफ्टिनेंट कमांडर हैं। कैप्टन सिंह मूलतः उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले हैं।
बता दे कि कैप्टन वरुण सिंह शौर्य चक्र से नवाजे जा चुके है। उनके अदम्य साहस और सूझबूझ को देखते हुए इसी साल स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया था। उन्हें यह पुरस्कार फ्लाइंग कंट्रोल सिस्टम खराब होने के बावजूद 10 हजार फीट की ऊंचाई से एयरक्राफ्ट की सफल लैंडिंग कराने पर दिया गया था। इस घटना में वरुण ने आपदा के समय धैर्य और साहस नहीं खोया था और आबादी से दूर ले जाकर तेजस विमान की सफल लैंडिंग कराई थी। उनका नाम एयर फोर्स के सबसे बेहतरीन पायलटों की सूची में शामिल है।