नई दिल्ली, 16 जुलाई : देश की जानी मानी टीवी एक्ट्रेस सुरेखा सीकरी का निधन हो गया है। 2020 में ब्रेन स्ट्रोक का सामना कर चुकी सुरेखा का निधन हार्ट अटैक से हुआ है। तीन बार नेशनल अवार्ड हासिल कर चुकी अभिनेत्री सुरेखा के निधन पर इंडस्ट्री में शोक की लहर है। अभिनेत्री के निधन की जानकारी उनके मैनेजर ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
मैनेजर के मुताबिक अभिनेत्री का निधन शुक्रवार सुबह हुआ। अपने आखिरी वक्त में सुरेखा परिवार के साथ थी। टीवी सीरियल बालिका वधू में सुरेखा सीकरी ने दादी के किरदार को दमदार तरीके से निभाया था। तीन फिल्मों के लिए बैस्ट स्पोर्टिंग एक्ट्रेस का भी नेशनल अवार्ड जीत चुकी थी। उत्तर प्रदेश से संबंध रखने वाली सुरेखा ने अपना बचपन अलमोड़ा व नैनीताल में बिताया था।
अभिनेता नसीरूदीन शाह रिश्ते में सुरेखा के बहनोई लगते हैं। उन्हें ज्यादातर फेम दादी के किरदारों से हासिल हुआ। बालिका वधू छोटे पर्दे पर 2008 से 2016 के बीच प्रसारित हुआ। उल्लेखनीय है कि फिल्मों में उन्होंने किस्सा कुर्सी से 1978 में डेब्यू किया था।