ददाहू: आरवीएन स्कूल की छात्रा तेजस्विनी ठाकुर ने राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दो वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किया है। कस्बे की बेटी तेजस्विनी ने लगातार छठी मर्तबा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मंडी में आयोजित स्पर्धा में सिरमौर का प्रतिनिधित्व करते हुए तेजस्विनी ने अंडर-15 व अंडर-17 के खिताब अपने नाम किए।
अंडर-15 में तेजस्विनी ने ऊना की अनिका खान को हराया, जबकि अंडर-17 के फाइनल मुकाबले में कांगड़ा की खिलाड़ी को हराकर गोल्ड मैडल हासिल किया। अब तेजस्विनी नेशनल चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता का आयोजन उड़ीसा में 17 से 24 दिसंबर तक हो रहा है।