मंडी, 09 मार्च : छोटी काशी मंडी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के नाम से मनाया जाने वाला सात दिवसीय ऐतिहासिक देव महाकुंभ शनिवार से शुरू हो गया। महोत्सव के शुभारंभ पर पारंपरिक जलेब निकाली गई जिसमें जिला भर से आए प्रमुख देवी-देवताओं ने देवलुओं संग शिरकत की। सात दिवसीय महोत्सव का विधिवत शुभारंभ सीएम सुखविंदर सिंह ठाकुर ने किया। करीब दो बजे सीएम डीसी कार्यालय के प्रांगण में पहुंचे जहां पर उन्हें पारंपरिक पगड़ी पहनाई गई।
इसके बाद वे राज माधव राय मंदिर पहुंचे और वहां पर विधिवत पूजा अर्चना करने के बाद इस महोत्सव की पहली जलेब की शुरुआत हुई। देवी-देवताओं के साथ आए देवलु पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर देवरथों के साथ जमकर थिरके। हजारों की संख्या में लोग राज माधव राय मंदिर से लेकर पड्डल मैदान तक इसी तरह झूमते, नाचते और गाते हुए पहुंचे। इस जलेब में राज माधव राय की पालकी भी शामिल हुई, जिसके पीछे सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और अन्य गणमान्य लोगों का काफिला चला।
करीब डेढ़ घंटे बाद यह जलेब पड्डल मैदान पहुंची और वहां पर सीएम ने महोत्सव का ध्वज फहराकर इसका विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने सभी को अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की बधाई दी और देवी-देवताओं को दिए जाने वाले नजराने और बजंतरियों को दिए जाने वाले मानदेय में 10-10 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया।
इस मौके पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी, सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक अनिल शर्मा, चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, जिलाधीश मंडी अपूर्व देवगन, एसपी मंडी साक्षी वर्मा और कांग्रेस के अन्य नेता व अधिकारी भी मौजूद रहे।
सात दिनों तक 195 देवी-देवताओं को देखने को मिलेगा भव्य देव मिलन…
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में इस बार 195 देवी-देवता शिरकत कर रहे हैं। यह एक ऐसा देव महाकुंभ होता है जहां पर आपको एक साथ इतने अधिक देवी-देवताओं के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने का मौका मिलता है। अधिकतर देवी-देवताओं के रथ पड्डल मैदान में बैठते हैं जबकि कुछ प्रमुख देवी-देवताओं के बैठने का स्थान पहले से ही निर्धारित है। देव कमरूनाग टारना माता मंदिर में विराजे हुए हैं। भक्त वहां पर जाकर उनके दर्शन करके आशीर्वाद ले रहे हैं।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
इस बार महोत्सव में कुल्लू जिला से संबंध रखने वाले दो प्रमुख देवता अनंत बालू नाग 144 वर्षों बाद और देवता खुड्डी जहल भी 100 वर्षों बाद भाग लेने आए हैं।