नाहन (एमबीएम न्यूज) : प्रदेश से नाहन होकर नीलकंठ कावड़ यात्रा में जाने वाले कांवडिय़ों के लिए शिव शक्ति बाबा बालक नाथ संस्था द्वारा वीरवार से यात्रा के अंतिम चरण तक के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था की गई है। यह पहला अवसर है कि नाहन शहर में कांवडिय़ों के लिए यह व्यवस्था बनाई गई है।
इन दिनों प्रदेश के सभी जिलों से कांवडिय़ों की यात्रा हरिद्वार व नीलकंठ के लिए चली हुई है। हालांकि उत्तराखंड पहुंचने पर कांवडिय़ों के लिए जगह-जगह जलपान व भोजन की व्यवस्था भक्तजनों द्वारा की जाती है। परंतु प्रदेश के कांवड़ यात्रियों को अपने ही राज्य में ऐसी व्यवस्था की कमी बहुत खलती थी। इस बार कई धार्मिक संगठनों द्वारा पांवटा साहिब में यह व्यवस्था की गई है।
शिव शक्ति बाबा बालक नाथ संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरीश संधू ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा केवल कांवडिय़ों के लिए ही नहीं बल्कि श्री हेमकुंड साहिब जाने वाले तमाम श्रद्धालुओं व बद्रीनाथ के यात्रियों हेतु भी जलपान की व्यवस्था की गई है। शिव शक्ति संस्था द्वारा यह व्यवस्था नाहन के समीप जुड्डा के जोहड़ में नवोदय स्कूल के पास मुख्य मार्ग पर की गई है। इस स्थान पर तमाम श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, नहाने आदि की व्यवस्था भी बनाई गई है।
पच्छाद के गलानाघाट निवासी शिव भक्त पंडित हरदेव शर्मा, नीरज शर्मा, प्रकाश शर्मा व जीत सिंह ने बड़ा हर्ष करते हुए बताया कि यह बड़ी खुशी की बात है कि इस बार नाहन में भी कांवडियों व अन्य तीर्थ यात्रियों के लिए लंगर व ठहरने की व्यवस्था की गई है।
जुड्डा के जोहड़ के समीप शिव शक्ति बाबा बालक नाथ संस्था के द्वारा लगाए गए इस अटूट लंगर व अन्य व्यवस्थाओं की क्षेत्र में काफी चर्चा है। क्योंकि जंगल में बिना सुविधाओं के व्यवस्था बनाना बड़ा ही कठिन कार्य होता है। मगर अमरीश संधू जिनका सामाजिक सरोकार जिला ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश व अन्य राज्यों में भी सराहनीय रहता है।
अमरीश संधू अपने खर्च पर कई निर्धन श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्राएं भी करवाते हैं। उनका कहना है कि किसी भी धर्म के भक्त की सेवा करना भगवान की सेवा करने के बराबर होता है। उन्होंने आर्मी के एमईएस इकाई द्वारा पानी की व्यवस्था करने का आभार जताया। जड्डा के जोहड़ में चल रहे इस अटूट लंगर की व्यवस्था में मुख्य रूप से शिव भक्त संजीव संधू, रचना गुप्ता, आदित्य सैनी, काला सैनी आदि ने भाग लिया।