मंडी (वी कुमार) : छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी शहर में अंतरराष्ट्रीय शिवरत्रि महोत्सव का आगाज हो गया है। मंडी जनपद के अराध्य देव कमरूनाग के आगमन के साथ ही शिवरात्रि महोत्सव का आगाज माना जाता है। रविवार दोहपर बाद देव कमरूनाग अपने देवलुओं संग मंडी पहुंचे। मंडी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने देव कमरूनाग का भव्य स्वागत किया।
इसके बाद राज माधव राय मंदिर के बाहर प्रशासन की तरफ से डीसी मंडी संदीप कदम ने देव कमरूनाग का स्वागत किया। उन्होंने देव कमरूनाग की छड़ पर माला चढ़ाई और धूप जलाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद देव कमरूनाग राज माधव राय मंदिर गये और और वहां पर देवता के साथ मुलाकात की। देव कमरूनाग वर्ष में सिर्फ एक बार मंडी जिला मुख्यालय आते हैं और ऐसी मान्यता है कि जिस दिन देव कमरूनाग का मंडी आगमन होता है उस दिन बारिश जरूर होती है। रविवार को भी ऐसा ही हुआ। जैसे ही देव कमरूनाग ने मंडी शहर की सीमा में प्रवेश किया आसमान से बारिश की बौछारें बरस पड़ी।
बता दें कि देव कमरूनाग को बारिश का देवता माना जाता है और जब कभी सूखा पड़ जाये या फिर अत्याधिक बारिश होने लगे तो लोग देव कमरूनाग की शरण में जाकर फरियाद लगाते हैं। मंडी में जिला प्रशासन की तरफ से देव कमरूनाग का स्वागत करने के बाद देव कमरूनाग राज परिवार से मिलने पहुंचे। यहां पर राज परिवार के सदस्यों ने देव कमरूनाग का स्वागत किया। उपरांत इसके देव कमरूनाग टारना माता मंदिर पहुंचे। अब सात दिनों तक देव कमरूनाग यहीं पर ही रूकेंगे। भक्त टारना मंदिर पहुंचकर देव कमरूनाग का आशीवार्द प्राप्त करते हैं।
देव कमरूनाग के मंडी पहुंचने के साथ ही देव ढगांडू, सुखदेव ऋषि, देव बूढ़ा बिंगल, देव झाथी वीर, बुढ़ी भैरवा और देवी बग्लामुखी भी मंडी पहुंच गई हैं। राज माधव राय मंदिर के बाहर जहां पर देवी देवताओं का स्वागत हो रहा था उस वक्त देव सुखदेव रूष्ट हो गये। बताया जा रहा है देवता को थोड़ी देर के लिए बाहर रोक दिया गया, जिसके कारण देवता रूष्ट हो गये। लेकिन बाद में देवलुओं के मनाने पर देवता मान गये और उन्हें आगे ले जाया गया।
डीसी मंडी संदीप कदम ने बताया कि देव कमरूनाग के साथ अन्य देवी देवता मंडी पहुंच गये हैं। उन्होंने सभी देवी देवताओं से शिवरात्रि महोत्सव को सफल बनाने का आहवान किया। बता दें कि बचे हुए देवी देवता कल मंडी पहुंच जायेंगे। मंगलवार को शाम चार बजे मंडी में पारंपरिक शोभायात्रा निकाली जायेगी, जिसमें सीएम वीरभद्र सिंह भी शिरकत करेंगे।