हमीरपुर : जिला के समताना शिवपुरी धाम में नवरात्र व दशहरा महोत्सव की शुरूआत हो गई है। हर वर्ष की तरह इस बार भी समताना में दशहरा महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। 8 अक्तूबर को दशहरा के दिन समताना शिव मंदिर में रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतलों का दहन किया जाएगा। इस बार भी आयोजन कर्ता 70 फुट तक ऊंचे पुतले बनाने में लगे हुए हैं। वहीं इसके साथ ही समताना शिव मंदिर में अध्यात्मिक गुरू स्वामी शेखर सुमन के मार्गदर्शन में नवरात्र महोत्सव भी धूमधाम से मनाया जा रहा है।
बड़ी संख्या में भक्तजन समताना शिवपुरी में नवरात्रों के अवसर पर विशेष पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे हुए हैं। बता दें कि पिछले डेढ़ दशक से भी लंबे से अध्यात्मिक गुरू स्वामी शेखर सुमन के नेतृत्व में महामृत्युंजय संस्था द्वारा दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में किसी भी गांव में यह इकलौता आयोजन है। प्रदेश के कई बड़े शहरों के मुकाबले समताना में सबसे ऊंचे पुतले जलाए जाते हैं। वहीं दशहरा महोत्सव से पहले शिवपुरी धाम में नवरात्रों में 9 दिनों तक विशेष पूजा अर्चना और साधना शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें दूर-दूर से लोग भाग लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
नवरात्र में अध्यात्मिक गुरू स्वामी शेखर सुमन के मार्ग दर्शन में विशेष पूजा भी चली हुई है। महामृत्युंजय संस्था के अध्यक्ष पूर्व प्रधान जनक ढटवालिया ने बताया कि दशहरा महोत्सव के आयोजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पुतलों का निर्माण किया जा रहा है। कुछ दिनों में पुतले बन कर तेयार हो जाएगें। उन्होंने कहा कि नवरात्र पर विशेष पूजा अर्चना व साधना का आयोजन भी मंदिर में अध्यात्मिक गुरू स्वामी शेखर सुमन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 5 अक्तूबर को भव्य नगर शोभा यात्रा का भी आयोजन पूरे जिला में किया जाएगा।