मंडी (वी कुमार) : अगर आप भविष्यवाणीयों पर यकीन करते हैं तो फिर यह जान लिजिए कि आने वाला समय आपदाओं से भरा हुआ रहने वाला है। यह भविष्यवाणी की है माता बग्लामुखी के पुजारी अमरजीत शर्मा ने। मंदिर में वार्षिक जाग के दौरान यह भविष्यवाणी की गई।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी माता बग्लामुखी की वार्षिक जाग बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। माता बग्लामुखी का यह मंदिर सदर विधानसभा क्षेत्र के सेहली गांव में स्थित है। मंदिर में रात करीब 12 बजे जाग शुरू हुई। माता के पुजारी अमरजीत शर्मा में दैवीय शक्ति ने प्रवेश किया और इस कारण उन्हें खेल (दैवीय शक्ति) आ गई।
करीब एक घंटे तक खेलने का यह क्रम जारी रहा और इस दौरान देवताओं और डायनों के बीच हुए युद्ध का वृतांत सुनाया गया। माता के पुजारी अमरजीत शर्मा ने बताया कि इस बार डायनों ने देवताओं पर जीत हासिल की है और इस आधार पर आने वाला समय प्राकृतिक आपदाओं से भरा हुआ रहेगा। दुर्घटनाएं अधिक होंगी और फसलों का भी नुकसान हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि माता बग्लामुखी के मंदिर में हर वर्ष इस वार्षिक जाग का आयोजन होता है और जाग के दौरान श्रद्धालू बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर माता का आशीवार्द प्राप्त करते हैं। भक्तों का मानना है कि माता उनकी सभी मनोकामनाओं को पूरा करती है।
वहीं मंदिर में रात भर भजन कीर्तनों के माध्यम से माता की महिमा का गुणगान किया गया। इसके साथ ही मंदिर में भंडारे के माध्यम से प्रसाद भी बांटा गया।