मंडी (एमबीएम् न्यूज़) : आज राज्यपाल आचार्य देवव्रत मंडी जिला के एक दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने सुबह के समय गांधी भवन मंडी में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत की और द्वीप जलाकर कार्यक्रम का आगाज किया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में सत्य घटनाओं पर आधारित नाटकों का मंचन किया गया, जिसकी राज्यपाल ने जमकर सराहना की। उपरांत इसके राज्यपाल मंडी जिला मुख्यालय के साथ लगते बल्हघाटी की ग्राम पंचायत बैहना पहुंचे। यहां पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने राज्यपाल का गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया।
राज्यपाल ने यहां पर सफाई अभियान की शुरूआत की। उन्होंने स्वयं झाडू पकड़कर गांव में साफ सफाई की और लोगों को भी स्वच्छता का संदेश देने का प्रयास किया। राज्यपाल ने काफी देर तक सफाई अभियान के कार्य में हिस्सा लिया और बिना किसी संकोच और झिझक के पूरी निष्ठा के साथ साफ सफाई का कार्य किया। उपरांत इसके राज्यपाल ने जिला प्रशासन की तरफ से चलाए जा रहे मेरी लाडली अभियान के बारे में जानकारी हासिल की। स्थानीय महिला मंडल की तरफ से मेरी लाडली अभियान पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें राज्यपाल ने विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
राज्यपाल ने इस पंचायत में जन्मी नवजात बच्चियों के अभिभावकों को सम्मानित किया और बच्चियों को गुडि़या सहित अन्य खिलौने भेंट किए। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए मेरी लाडली अभियान की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने जो अभियान चलाया है उसे पूरे प्रदेश में शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से भी बेटियों को बचाने और उन्हें समाज में पूरा मान सम्मान देने का आहवान किया। राज्यपाल ने कहा कि बेटियां बोझ नहीं होती और यह सिर्फ लोगों की सोच का भ्रम है।