मनाली (एमबीएम न्यूज) : मनाली के निकट अलेउ में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान लगभग साढे पांच दशकों से पर्वतारोहण, इससे संबंधित अन्य खेलों और शीत खेलों के प्रशिक्षण व उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसे प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के मार्गदर्शन में वर्ष 1961 में पश्चिमी हिमालयन पर्वतारोहण संस्थान के नाम से स्थापित किया गया था।
अभी तक इस संस्थान में लगभग एक लाख साठ हजार से अधिक युवाओं, महिलाओं, सैलानियों, पर्वतारोहियों व एडवेंचर के शौकीन अन्य लोगों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इसी संस्थान ने कई विश्व प्रसिद्ध पर्वतारोही तैयार किए हैं, जिनमें से कई पर्वतारोही संसार की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को भी फतह कर चुके हैं। इनके अलावा यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके कई स्कीयरों ने शीतकालीन खेलों में विश्व स्तर पर नाम कमाया है।
संस्थान के निदेशक कैप्टन रणधीर सिंह सल्हूरिया ने बताया कि देश-विदेश के प्रशिक्षणार्थियों को परिसर में ही सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाई जाती हैं। यहां लगभग 300 प्रशिक्षुओं के रहने और खाने की पूरी व्यवस्था है। यहां करवाए जाने वाले विभिन्न प्रशिक्षण कोर्सों की जानकारी देते हुए सल्हूरिया ने बताया कि यहां 26 दिन का बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स करवाया जाता है। 16 से 45 वर्ष आयु वर्ग के महिला-पुरूष यह कोर्स कर सकते हैं। इसका शुल्क 14,300 रूपये है, जबकि विदेशियों के लिए यह शुल्क 57,200 रूपये निर्धारित किया गया है।
14 दिन के बेसिक स्कीइंग कोर्स की फीस 8400 रूपये और विदेशियों के लिए 33,600 रूपये है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के अलावा आपदा प्रबंधन में भी यह संस्थान समय-समय पर महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। आपदा प्रबंधन में इस संस्थान ने नेपाल और भूटान की सेनाओं को भी प्रशिक्षित किया है। संस्थान में 14 दिन का आपदा प्रबंधन कोर्स भी करवाया जाता है।
सल्हूरिया ने बताया कि जलक्रीड़ा व इससे संबंधित साहसिक खेलों में संस्थान विभिन्न कोर्स करवा रहा है। इनमें 14 दिन का बेसिक रिवर राफ्टिंग कोर्स शामिल है, जिसमें 14 वर्ष से अधिक आयु के महिला-पुरूष भाग ले सकते हैं। इसका शुल्क 11,200 रूपये रखा गया है।
इस प्रकार अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान विभिन्न साहसिक खेलों के प्रशिक्षण में कई आयाम स्थापित कर रहा है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त करके कई युवा साहसिक खेलों के माध्यम से स्वरोजगार प्राप्त कर रहे हैं।