मंडी (वी.कुमार) : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने युवा कांग्रेस के महासचिव यदुपति ठाकुर के निष्कासन पर मोहर लगा दी है। यदुपति ठाकुर का कुछ दिन पहले ब्लाक कांग्रेस कमेटी सरकाघाट ने निष्कासन कर दिया था। यदुपति ठाकुर पर आरोप था कि उन्होंने पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रंगीला राम राव को काले झंडे दिखाये और पार्टी विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दिया। इसी बात को लेकर सरकाघाट ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने अपनी बैठक के दौरान यदुपति ठाकुर को पार्टी के सदस्य से निष्कासित कर दिया था। हालांकि उनके निष्कासन पर कई सवाल भी उठे थे। अब जाकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने ईमेल जारी करके यदुपति ठाकुर के निष्कासन पर मोहर लगा दी है।
नरेश चौहान की तरफ से भेजी गई ईमेल में लिखा गया है ’’जैसा कि आप सभी जानते हैं कि ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी सरकाघाट ने प्रस्ताव पारित कर यदूपति ठाकुर को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रंगीला राम राव को काले झंडे दिखाने के लिए कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया था। कांग्रेस पार्टी के संविधान के मुताबिक पार्टी के कार्यकर्ता को पार्टी से निष्कासित कर दिया जाता है तो वह न तो कांग्रेस पार्टी का सदस्य रह जाता है और न ही उसे किसी अग्रणी संगठन व विभागों में नियुक्त किया जा सकता है। इसलिए यदुपति ठाकुर कांग्रेस के किसी भी संगठन या अग्रणी संगठन का न ही पदाधिकारी है और न ही ऐसे किसी पद पर नियुक्त किया जा सकता है।’’
बता दें कि 31 अगस्त को यदुपति ठाकुर सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के जमणी गांव में युवा कांग्रेस की रैली का आयोजन करने जा रहे हैं जिसमें प्रदेश युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिंदर बराड और प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह भी शिरकत करने जा रहे हैं। लेकिन इस रैली से ठीक पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से जारी की गई ईमेल से रैली के आयोजन पर भी सवालिया निशान उठ गये हैं। ईमेल में साफ कहा गया है कि यदुपति ठाकुर पार्टी के किसी भी अग्रणी संगठन का सदस्य नहीं है। अब ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इस रैली को किस लिहाज से आयोजित किया जाता है।
वहीं जब इस बारे में यदुपति ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी सूचना मीडिया के माध्यम से ही मिली है जबकि अधिकारिक तौर पर उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि इस मामले की अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है और उन्होंने अभी तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह ठाकुर के समक्ष अपना पक्ष भी नहीं रखा है। उन्होंने कहा कि वह युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हैं और उन्हें निष्कासित करने का अधिकारी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेशाध्यक्ष को ही है।