सोलन (एमबीएम न्यूज) : भारतीय जनता पार्टी की तिरंगा यात्रा संपन्न होने से पूर्व सोलन में करीब पांच दर्जन युवाओं ने पार्टी का दामन थामा। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं नाहन निर्वाचन क्षेत्र के विधायक,शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद प्रो.वीरेंद्र कश्यप व भाजपा प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर की उपस्थिति में युवा पार्टी में शामिल हुए। पार्टी नेताओं ने सभी युवाओं के गले में फूलों का हार पहनाकर भव्य स्वागत किया।
रविवार का दिन कई गुटों में बिखरी पड़ी सोलन भाजपा के लिए संजीवनी साबित हुआ। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की तिरंगा यात्रा के समापन कार्यक्रम में सोलन भाजपा एकजुट दिखी। तिरंगा यात्रा में भारतीय जनता युवा मोर्चा,भाजपा महिला मोर्चा तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओ ने भाग लिया। इससे भी बड़ी बात यह रही कि सोलन-कुमारहट्टी उच्चमार्ग पर आंजी स्थित होटल रत्ना सागर परिसर में सोलन भाजपा की तरफ से रखे गए सादे एवं गरिमा पूर्ण कार्यक्रम में करीब पांच दर्जन युवाओं ने पार्टी का दामन थामा।
भाजपा में शामिल हुए युवाओं ने पार्टी की नीतियों पर न सिर्फ विश्वास जताया,बल्कि 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए पूरी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का भी संकल्प लिया। तिरंगा यात्रा पर निकलने से पूर्व शीर्ष नेताओं ने पार्टी में शामिल हुए सभी युवाओं का फूलमालाएं पहनकार स्वागत किया। करीब पांच दर्जन युवाओं के एक साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों को करारा झटका लगा है।
इस मौके पर शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप,नाहन विधायक डा.राजीव बिंदल,भाजपा प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर,शिमला संसदीय क्षेत्र प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया, नगर परिषद अध्यक्ष पवन गुप्ता,भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रत्नपाल, नंदराम कश्यप, भाजपा महिला मोरचा से रश्मिधर सूद, रीतू सेठी,राकेश शर्मा, मीरा आनंद, मनीष कुमार, सोलन भाजयुमो मंडल अध्यक्ष भरत साहनी, प्रदेश भाजयुमो सोशल मीडिया के सह संयोजक शिवम मित्तल सहित कई पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।