नाहन (एमबीएम न्यूज): भाजपा मंडल की बैठक रविवार को हिन्दू आश्रम में आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा ने की, जबकि कसौली के विधायक डॉ. राजीव सहजल व राज्य किसान मोर्चा के अध्यक्ष बलदेव भंडारी विशेष रूप से सत्र लेने पहुंचे थे। बैठक में सबसे बड़ा मूलमंत्र ‘मित्रो आगे बढ़ो, संघर्ष करो, सत्ता परिवर्तन तुम्हारी राह देख रहा है’ दिया गया।
संबोधन में डॉ. राजीव सहजल ने कहा कि प्रदेश में इस वक्त सरकार रिटायर्ड व टायर्ड लोगों द्वारा चलाई जा रही है। कांग्रेस सरकार से मोह भंग हो चुका है। उन्होंने कहा कि किसान-बागवान बंदरों व जंगली जानवरों से दुखी हैं। किसान मोर्चे के प्रदेशाध्यक्ष बलदेव भंडारी ने संगठन में बूथ स्तर पर मजबूती की वकालत की। उनका कहना है कि अंतिम लड़ाई बूथ पर ही होनी है, लिहाजा बूथ कार्यकर्ता पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण पिलर है।
विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के संघर्ष के कारण खैरी व नहरस्वार पेयजल पाइपों को बदलने का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के प्रयासों के कारण 150 करोड़ के कार्यों की अलग-अलग डीपीआर राज्य सरकार को भेजी जा चुकी है।
बैठक में जिला परिषद सदस्य विनय कुमार समेत मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा इत्यादि ने अपने विचार प्रकट किए।