मंडी (वी. कुमार): केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी आईआईटी कमांद (मंडी) का दौरा करेंगी। यह जानकारी सांसद रामस्वरुप शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री को उन्होंने आईआईटी कमांद काम्पलैक्स निर्माण व सडक निर्माण के लिए अतिरिक्त धनराशि देने के लिए ज्ञापन सौंपा था तथा उन्हें आईआईटी मंडी का दौरा करने का भी आग्रह किया था।
केंद्रीय मंत्री ने उनका आग्रह स्वीकार कर लिया है तथा अब जल्दी ही वह आईआईटी कमांद का दौरा करेंगी। आईआईटी कमांद के लिए केंद्रीय कैबिनेट द्वारा 1466 करोड़ स्वीकृत किए जाने की सूचना मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने उन्हें दी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट में आईआईटी कमांद को अब 1466 करोड़ मिलेंगे। इससे पूर्व आईआईटी मंडी के प्रस्तावित बजट के तहत 760 करोड़ मिले थे, जो पर्याप्त नहीं थे। अब केंद्र सरकार ने 706 करोड़ की अतिरिक्त राशि मंजूर की है, जिससे आईआईटी काम्पलैक्स के साथ-साथ मंडी से कमांद वाया स्कोर सडक का निर्माण भी प्रस्तावित है।
आईआईटी मंडी का निर्माण कार्य 2008 में शुरु हुआ था तथा उस समय की तत्कालीन यूपीए सरकार ने बजट का सही आकलन नहीं किया, जिससे इसके विस्तारीकरण की योजनाओं में धन की कमी आड़े आई। आईआईटी कमांद को केंद्रीय कैबिनेट द्वारा 706 करोड़ की अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में एनडीए की सरकार बनती है तो हिमाचल को विकास के लिए खुले तौर पर धन मिलता है मगर प्रदेश सरकार उसका सही सदुपयोग नहीं कर पाती।