मंडी (वी कुमार): जोगिंद्रनगर में केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के लिए दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद राम स्वरूप शर्मा ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। दो दिनों तक चलने वाली प्रदर्शनी का स्थानीय लोग भरपूर आनंद उठा रहे हैं।
केंद्र सरकार ने अपने दो वर्षों का कार्यकाल पूरा कर लिया है और इन दो वर्षों में सरकार ने आम जनमानस के लिए कई कल्याणकारी और महत्वकांक्षी योजनाओं की शुरूआत की। योजनाओं की शुरूआत के साथ साथ लोगों को इनका लाभ दिलाने की दिशा में भी सार्थक प्रयास हुए हैं। यही कारण है कि अब लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत करवाने के लिए देश भर में प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में बुधवार को जोगिंद्रनगर शहर के सामुदायिक भवन में दो दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद राम स्वरूप शर्मा ने किया। क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय जालंधर इकाई की तरफ से आयोजित इस प्रदर्शनी को नाम दिया गया है ’’विकास की नई उड़ान’’। इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की सभी महत्वकांक्षी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है और साथ ही यह भी बताया गया कि कितने लोग इन योजनाओं का लाभ उठाकर आज लाभांवित हुए हैं।
प्रदर्शनी का शुभारंभ करने पहुंचे मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद राम स्वरूप शर्मा ने आयोजित की गई प्रदर्शनी की सराहना की और इसे आम जनता के हित में बताया। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार ने विश्व गुरू बनने की दिशा में कई महत्वकांक्षी योजनाओं को शुरू किया है जिसके चलते देश की जनता लाभांवित हुई है। उन्होंने लोगों से केंद्र सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ उठाने का आग्रह भी किया।
प्रदर्शनी के आयोजन में क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय जालंधर इकाई के सहायक निदेशक प्रीतम सिंह और क्षेत्रिय प्रदर्शनी अधिकारी रितेश कपूर का अहम योगदान रहा। सहायक निदेशक प्रीतम सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार ने दो वर्षों में जो भी उपलब्धियों को हासिल किया है उनके बारे में कुछ लोगों को जानकारी नहीं है और न ही कुछ लोगों तक अभी केंद्र सरकार की योजनाओं की पूरी जानकारी पहुंच पाई है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए देश भर में इस प्रकार की प्रदर्शनियों का आयोजन करके लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं से अवगत करवाया जा रहा है।
इस दौरान प्रदर्शनी में आये लोगों को केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों व अधिकारियों ने सरकार की तरफ से चलाई जा रही सभी योजनाओं के बारे में जानकारी मुहैया करवाई। साथ ही लोगों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए। लोगों ने योजनाओं की जानकारी हासिल करने में कोई संकोच नहीं दिखाया और इस प्रकार की प्रदर्शनी को आम जनता के हित में बताया। साथ ही लोगों ने केंद्र सरकार से इस प्रकार की प्रदर्शनियों को समय-समय पर आयोजित करने का सुझाव भी दिया है।
इस दौरान स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनके विजेता प्रतिभागियों को सांसद राम स्वरूप शर्मा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।