ज्वालामुखी (मोनिका शर्मा): केंद्र की भाजपा सरकार के द्बारा प्रदेश के धर्मशाला को स्मार्ट सिटी का तोहफा देने से प्रदेश के लोग हर्षोल्लास में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकया नायडू ने धर्मशाला को स्मार्ट सिटी से जोडक़र प्रदेश के विकास में नया आयाम स्थापित किया है। लेकिन प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा द्बारा समाचार पत्रों के विज्ञापनों में स्मार्ट सिटी का श्रेय लेने की कोशिश की भाजपा निंदा करती है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व भाजपा विधायक विक्रम ठाकुर ने वीरवार को देहरागोपीपुर में पत्रकारवार्ता के दौरान प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा को इस मुददे पर केन्द्र की भाजपा सरकार का आभार प्रकट करने की सलाह देते हुए कहा की एहसान फरामोशी की राजनीति प्रदेश कांग्रेस की रग-रग में भरी होने के कारण केन्द्र की योजनाओं का श्रेय प्रदेश की कांग्रेस सरकार हमेशा लेने की नाकाम कोशिश करती रही है। भाजपा प्रवक्ता विक्रम ठाकुर ने धर्मशाला को स्मार्ट सिटी का दर्जा देने पर केंद्र की सरकार का आभार जताते हुए कहा की देश की सत्ता पर जब भी भाजपा गठबंधन की सरकार सत्तारूढ़ हुई हैं। उस दौरान प्रदेश के विकास में एक नया इतिहास लिखा गया है।
उन्होंने कहा की कांग्रेस पार्टी के लोगों को प्रदेश हित की योजनाओं को राजनीतिक चश्मे से देखने की पुरानी आदत है। विक्रम ठाकुर ने कहा की झूठी बयानबाजी से प्रदेश के लोगों को गुमराह करके राजनीतिक रोटियां सेंकने वाली कांग्रेस पार्टी का राजनीतिक वजूद झूठ के कारण ही पूरे देश में सिकुड़ा हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विक्रम ठाकुर ने कहा की आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता झूठी कांग्रेस पार्टी का प्रदेश से सूपड़ा साफ करने का मन बना चुकी है।
पत्रकारवार्ता में भाजपा प्रवक्ता विक्रम ठाकुर ने सैंट्रल यूनिवर्सिटी निर्माण को लेकर शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा को मुंगेरी लाल के सपनों की तरह बताते हुए कहा की सैंट्रल यूनिवर्सिटी का 70 प्रतिशत भाग जारी अधिसूचना के तहत देहरागोपीपुर में ही खुलेगा। उन्होंने कहा की कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश की सत्ता में आते ही सैंट्रल यूनिवर्सिटी का निर्माण देहरागोपीपुर में नहीं करवाने लिए तरह तरह के हथकंडे अपना कर ओच्छी राजनीति की हैं। उन्होंने कहा की प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के जिद्दी स्वभाव के कारण ही सैंट्रल यूनिवर्सिटी का मुद्दा विवादित हुआ है।
इस अवसर पर भाजपा संगठनात्मक जिला प्रवक्ता सपन सूद व देहरा भाजपा उपाध्यक्ष राकेश राणा भी उपस्थित थे।