सोलन (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल प्रदेश में यदि सबकुछ ठीक रहता है तो विधानसभा चुनाव होने में केवल मात्र पौने दो साल का समय शेष बचा है। हालांकि मिशन-2017 को लेकर सभी राजनैतिक दलों ने रोडमैप तैयार कर फिल्ड में जाकर कसरत करनी आरंभ कर दी है। पुख्ता सूचना है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जून माह में हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो संभवत उनकी रैली सोलन में आयोजित की जा सकती है। हालांकि रैली के आयोजन को लेकर अभी अंतिम निर्णय लिया जाना है।
जानकारी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2017 के अंतिम महीनों में विधानसभा चुनाव का होना प्रस्तावित है। इन चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए मुख्य राजनैतिक दल कांग्रेस तथा भाजपा ने रोडमैप तैयार कर लिया है। साथ ही जनता के बीच दस्तक देनी भी आरंभ कर दी है। प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में काबिज कांग्रेस पार्टी की सरकार विकास के नाम पर जनसमर्थन मांगेगी। जबकि विपक्षी दल भाजपा केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर तथा प्रदेश सरकार की विफलताओं को आधार बनाकर जनता से जनमत हासिल करने का प्रयास करेगी।
हालांकि आप के हिमाचल संयोजक डा.राजन सुशांत संगठन की मजबूती के लिए दिन-रात जुटे हैं। प्रदेश के सभी जिलों में आप ने जिला कार्यकारिणियों का गठन कर दिया है तथा राजन सुशांत समय-समय पर जिला तथा उपमंडल स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओ के साथ निरंतर बैठकें भी ले रहे हैं। डा. राजन सुशांत मिशन-2017 को लेकर कार्यकर्ताओ को जहां पार्टी के विजन के प्रति अवगत करवा रहे हैं, वहीं एकजुटता के साथ आगे बढऩे के भी टिप्स देते आ रहे हैं। यह अकेला व्यक्ति अब तक प्रदेशभर में दर्जनों कार्यकर्त्ता सम्मेलनों को आयोजित कर पार्टी के इरादों को जनता तक पहुंचा चुका है।
पुख्ता सूचना है कि मिशन-2017 को जीतने के लिए आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जून महीने में पूरे जोश के साथ शुरूआत करने हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। पार्टी सुप्रीमों के हिमाचल दौरे को कामयाब बनाने के लिए कार्यकर्ताओ ने होमवर्क करना आरंभ कर दिया है। यही नहीं,बल्कि चुनाव में जनता से जुड़े मुद्दों को ढाल के रूप में इस्तेमाल करने के लिए उन्हें डायरी में कलमबद्ध करना आरंभ कर दिया है। पार्टी से जुड़े सूत्रों की मानें तो संभवत सोलन में अरविंद केजरीवाल की रैली को रखे जाने पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
17 मई को सुंदरनगर में आप का होगा सम्मेलन
आम आदमी पार्टी का राज्य स्तरीय सम्मेलन मंडी जिला के सुंदरनगर में आगामी 17 मई को होगा। इस सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह, हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी दुर्गेश पाठक विशेष रूप से भाग लेंगे। सम्मेलन में प्रदेश के सभी जिलों के पदाधिकारी सहित कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओ ने तैयारियां आरंभ कर दी है।
वहीं इस बारे राज्य संयोजक आप पार्टी डा. राजन सुशांत ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल का हिमाचल प्रदेश का दौरा प्रस्तावित है तथा अभी तिथि निश्चित नहीं की गई है। आप पार्टी मिशन-2017 को निश्चित तौर पर जीत कर रहेगी। इसके लिए पार्टी ने कमर कस ली है।