नाहन (एमबीएम न्यूज): सिरमौर के भाजपा नेताओं ने प्रशासन समेत प्रदेश सरकार पर लोकतंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं डॉ. राजीव बिन्दल, चन्द्रमोहन ठाकुर, बलदेव भंडारी, सुखराम चौधरी, बलदेव तोमर, सुरेश कश्यप, बलबीर चौहान ने एक स्वर में कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार समेत प्रशासन द्वारा उनके साथ ज्यादती की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव में धन-बल का दुरुपयोग कर भाजपा नेताओं के खिलाफ झूठे मामले बनाए गए।
बीडीसी नाहन के चुनाव में जो षडयंत्र कांग्रेस के नेताओं द्वारा किया गया, वह निंदनीय है। बावजूद इसके जनादेश भाजपा के पक्ष में गया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज किया गए झूठे मामले को वापिस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन के संरक्षण में खनन व वन माफिया दिन-रात फल-फूल रहा है, जबकि लाईसेंसधारी कार्य करने वालों को प्रताडि़त किया जा रहा है।