मंडी (वी. कुमार) : भाजयुमो राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र अत्री ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रदेश कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता के सामने उजागर करें। जनता के समक्ष धूमल सरकार द्वारा पूर्व में करवाए गए विकास कार्यों और वर्तमान कांग्रेस सरकार के नकारात्मक रवैये की तुलनात्मक चर्चा करें। नरेंद्र अत्री मंडी में भाजयुमो जिलाध्यक्ष पाल वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उपस्थित युवा मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। नरेंद्र अत्री ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार जनता को भ्रमित कर अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए आए दिन केंद्र सरकार को जिम्मेवार बता रही है, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
उन्होंने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र की मोदी सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं ताकि इन योजनाओं का लाभ आम आदमी को मिल सके। नरेंद्र अत्री ने कहा कि इसके साथ ही युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मिशन 2017 में भी जुट जाएं, ताकि आने वाले विस चुनावों में एक बार फिर नेतृत्व में लोगों की हितैषी विकास करने वाली भाजपा सरकार का गठन किया जा सके। बैठक में मथुरा में होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर भी विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। विभिन्न मंडलों से आए पदाधिकारियों को अधिवेशन में जाने वाले कार्यकर्ताओं की सूची बनाने तथा सभी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कहा गया। बैठक को जिलाध्यक्ष पाल वर्मा और प्रदेश प्रवक्ता सोमेंद्र सिंह ठाकुर ने भी संबोधित किया एवं अपने विचार रखे। बैठक में युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष पाल वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष भंवर भारद्वाज, प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर सोमेन्द्र सिंह, सचिव महेश सिपहिया, नरेंद्र भंडारी, मंडी मंडलाध्यक्ष एवं बीडीसी सदस्य भुवनेश ठाकुर , राजेन्द्र राणा, सराज मंडलाध्यक्ष, द्रंग मंडलाध्यक्ष, जोगिंद्रनगर मंडल के अध्यक्ष एवं महामंत्री सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।