शिमला (एमबीएम न्यूज) : राष्ट्रीय आजाद मंच (राम) पार्टी ने हिमाचल के सभी 68 विधानसभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है। इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरे दमखम से उतरेगी। पार्टी ने विधानसभा चुनाव की कमान रिटायर जनरल पीएन हूण को सौंपी है।
राम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यव्रत भारती ने प्रेस कांफ्रेस में कहा कि रिटायर जनरल पीएन हूण के नेतृत्व में पार्टी हिमाचल के चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरी राजनीति में यकीन रखने वाली उनकी पार्टी शहीदों की विचारधारा को आगे लेकर बढ़ेगी और पीएन हूण की अगुवाई में हिमाचल में अपने संगठन का विस्तार कर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। भारती ने कहा कि राम पार्टी 27 जून को चुनाव आयोग में पंजीकृत हुई है और पूरे देश में अपने संगठन का विस्तार कर रही है। एक माह के भीतर पार्टी ने हरियाणा में 10 हजार सदस्य बना लिए हैं। पार्टी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पूरे देश में प्रत्याशी उतारेगी।
पार्टी की कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यव्रत भारती ने कहा कि राजीव शर्मा को किसान मंच का अध्यक्ष, प्रिय कटारिया को महिला मंच का अध्यक्ष, रवि शंक सूद को लीगल सैल का अध्यक्ष, रीटा को महिला मंच का महासचिव, पवन कश्यप के युवा मंच का अध्यक्ष, विवेक कुमार को युवा मंच का सचिव और मदन गुलेरिया को महासचिव नियुक्त किया गया है।
पीएन हूण ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि वह वर्ष 1949 में सेना में भर्ती हुए और 1988 में रिटायर हुए। सेना के कई महत्वपूर्ण आपरेशनों का उन्होंने नेतृत्व किया। 20 हजार फुट से अधिक ऊंचाई पर स्थित सियाचीन ग्लेशियर पर कब्जा करने वाली सेना की टुकड़ी की अगुवाई उन्होंने की थी। हूण ने कहा कि एनडीए सरकार में डिफेंस एंड सिक्योरिटी विंग के सलाहकार के पद पर रह चुके हैं, लेकिन उनकी सलाहों को सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया, इसलिए उन्होंने यह पद छोड़ दिया।