मंडी(एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा ने युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह को विधानसभा चुनावों तक घर पर ही नजरबंद करने की मांग उठाई है। जिला में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश सिपहिया ने नगर निगम शिमला के पार्षद के साथ हुई मारपीट की निंदा करते हुए इसके लिए विक्रमादित्य को जिम्मेवार ठहराया।
उन्होंने कहा कि पार्षद के साथ जो मारपीट हुई है वह विक्रमादित्य सिंह के इशारों पर ही हुई है। भाजपा पर अभी तक जो तीन बड़े हमले हुए हैं उनमें विक्रमादित्य सिंह का प्रत्यक्ष रूप से नाम सामने आ रहा है, लेकिन पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं कर रही है। महेश सिपहिया ने कहा कि पार्षद पर हुए हमले को लेकर भी विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ धारा 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए।
उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह आए दिन गुंडागर्दी फैला रहे हैं जिससे प्रदेश का माहौल खराब हो रहा है। इन सब बातों का हवाला देते हुए उन्होंने विक्रमादित्य सिंह को विधानसभा चुनावों तक नजरबंद करने की मांग उठाई है।