नाहन (एमबीएम न्यूज) : नाहन विधानसभा क्षेत्र के सतीवाला में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने प्रदेश के सीएम वीरभद्र सिंह पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ईमानदार राज्य, बेईमान सीएम की वजह से समूचे देश में शर्मसार हुआ है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह को बेल पर नहीं, बल्कि जेल में होना चाहिए। चौहान ने कहा कि देश के राज्यों में काबिज भाजपा की सरकारें गरीबों के उत्थान के लिए बड़ी योजनाएं चला रही हैं। हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने की स्थिति में गरीबों के उत्थान को लेकर कई योजनाएं चलेंगी।
इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने अपने राज्य की कई विकासात्मक योजनाओं का भी जिक्र किया। हिमाचल में भाजपा सरकारों के मुख्यमंत्री रहे शांता कुमार व धूमल की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उस वक्त विकास को लेकर कई चमत्कार हुए। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए शिवराज चौहान ने कहा कि ऐसा पुराणों में लिखा है कि जब-जब धरती पर पाप व अत्याचार बढ़े हैं तो कोई न कोई अवतार आता है। ऐसे ही मोदी भी अवतरित हुए हैं।
हिमाचली टोपी की शान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब वह पहुंचे तो उन्हें गर्मी महसूस हुई ओर उन्हें टोपी उतारने की सलाह दी गई, लेकिन ऐसा नहीं किया क्योंकि टोपी हिमाचल की शान है। जब इस धरती पर आए हैं तो शान को कैसे हटा सकते हैं। हिमाचल में कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फैंकने का आह्वान करते हुए कहा कि आज प्रदेश की जनता कराह रही है। अब वक्त आ गया है कि इस निकम्मी व भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंका जाए।
संजय परमार से मिली सहानुभूति…
हाल ही में शिमला नगर निगम के पार्षद संजय परमार की पिटाई को रैली में भुनाने का प्रयास किया गया। बहायदा परमार को मंच पर सम्मानित भी किया गया। यह दिखाने का प्रयास किया गया कि कांग्रेस के गुंडों ने नाहन से ही ताल्लुक रखने वाले परमार की हालत इस कारण की है क्योंकि हाल ही के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस से किनारा कर भाजपा का साथ दिया था। यहां तक की मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने भी अपने संबोधन में संजय परमार के साथ हुई घटना का जिक्र किया। गौरतलब है कि परमार की पिटाई के मामले में शिमला पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार बताए जा रहे हैं।