नेरचौक (अमीता सेन) : हिमाचल में भाजपा का आने वाला समय में सत्तासीन होने का दावा हवाहवाई होता दिख रहा है। यह बात कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय ठाकुर ने बल्ह में एक पत्रकारवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि बल्ह विधानसभा के भंगरोटू में भाजपा के स्थानीय नेताओं ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के बल्ह आगमन पर एक रैली का आयोजन करवाया।
रैली को पूरी तरह से फ्लॉप करार देते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री की रैली में मात्र डेढ़ हजार संख्या जुटाना प्रदेश भाजपा ही नहीं बल्कि बल्ह में भाजपा की झोली में सीट दिलाने वाले भाजपाइयों की जनता में किरकिरी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जागरुक है और झूठे वादे करने वालों के झांसे में नहीं आने वाली। बल्कि जनता को विकास पसंद है और वे विकास के मसीहा प्रदेश मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी के कायल हैं।
बल्ह में भाजपा के कार्यकर्ता पिछले 25 दिनों से रैली की तैयारियों में जुटे हुए थे। जिनमें उन्होंने हर बूथ पर जाकर मीटिंग की थी। 120 बसों को एक एक बूथ को भेजा गया था लेकिन बस से रैली स्थल पर मात्र 5 से 10 लोगों को ही पंहुचा पाए। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रदेश मुख्य को लेकर जो असमंजस बना है। उसको लेकर प्रदेश भाजपा आज 4 गुटों में बंट चुकी है। फलस्वरुप आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का मिशन रिपीट सफल होगा और रिकॉर्ड तोड़ बहुमत हासिल कर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सातवीं बार मुख्यमंत्री बनेंगे।
इस अवसर पर बल्ह युंका अध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी, महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहनी राणा सहित मीडिया प्रभारी कांग्रेस कमेटी सीताराम वर्मा भी मौजूद रहे।